‘प्रोजेक्ट पाई-पाई’ के तहत भनपुरी स्कूल में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की पहल से डिजिटल रूप से जागरूक हो रहे छात्र

रायपुर |

बदलते डिजिटल दौर में युवाओं और छात्र-छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त व वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में ‘प्रोजेक्ट पाई-पाई’ के अंतर्गत भनपुरी स्थित शासकीय विद्यालय में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेनदेन और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।

​आरबीआई और अग्रणी बैंक के विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

​जागरूकता शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) नवा रायपुर तथा जिला अग्रणी बैंक (LDM) के विषय विशेषज्ञों ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में बचत (Savings), सही निवेश (Investment), उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण (Education Loan) तथा शासन की विभिन्न बैंकिंग व जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही डिजिटल वित्तीय लेनदेन के सुरक्षित तरीकों और यूपीआई (UPI) पिन व ओटीपी (OTP) की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

​साइबर फ्रॉड से बचाव और डिजिटल सुरक्षा पर फोकस

​आज के समय में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विशेषज्ञों ने छात्रों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों—जैसे फर्जी लिंक, लॉटरी प्रलोभन और अज्ञात कॉल से सावधान रहने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

​युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

​कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की इस विशेष पहल ‘प्रोजेक्ट पाई-पाई’ की सराहना करते हुए स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने कहा कि स्कूली जीवन से ही वित्तीय प्रबंधन की सही समझ मिलना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। यह अभियान जिले के युवाओं को डिजिटल रूप से साक्षर और आर्थिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

​इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक व अग्रणी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button