सावधान! कहीं बंद न हो जाए आपका आधार, बच्चों के लिए 30 सितंबर 2026 तक बायोमैट्रिक अपडेट बिल्कुल मुफ्त

मोहला [30 मई 2026] | आधार कार्ड आज हमारे दैनिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग, राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति और आयुष्मान योजना जैसी तमाम सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए इसका अपडेट रहना अनिवार्य है। इसी सिलसिले में जिला प्रशासन ने नागरिकों से समय-समय पर आधार अद्यतन (अपडेट) कराने की विशेष अपील की है।

​📍 10 साल पुराना आधार हो सकता है निष्क्रिय

​प्रशासन ने सचेत किया है कि यदि किसी नागरिक ने पिछले 10 वर्षों से अपने आधार कार्ड में कोई सुधार या अपडेट नहीं कराया है, तो उनका कार्ड निष्क्रिय हो सकता है। आधार बंद होने की स्थिति में शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

​📍 बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU)

​बच्चों के विकास के साथ उनके शारीरिक लक्षणों में बदलाव आता है, इसलिए दो चरणों में बायोमेट्रिक अपडेट कराना कानूनन अनिवार्य है:

  • ​पहला चरण: 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार माता-पिता के जरिए बनता है। बच्चे के 5 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी है।
  • ​दूसरा चरण: बच्चे के 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच पहुँचने पर दोबारा बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक है।

​⏰ 30 सितंबर 2026 तक की बड़ी छूट

​भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा आम जनता को बड़ी राहत दी गई है। बच्चों का यह अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इस निर्धारित समय-सीमा के बीत जाने के बाद अपडेट कराने पर नागरिकों को तय शुल्क देना होगा।

​जिला प्रशासन ने सभी पालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने नजदीकी केंद्र में जाकर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट और अपना आधार कार्ड जरूर अद्यतन करा लें।

​‘संदेश छत्तीसगढ़’ – जन-जागरूकता और आपके अधिकारों की सही खबर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button