​रायपुर: अवैध निर्माणों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, जोन-8 के वार्ड 19 में अनुमति के विपरीत बने 4 भवनों को किया ध्वस्त

रायपुर |

राजधानी रायपुर में नियम-कायदों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध निर्माणों और नक्शा विचलन के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश तथा निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में नगर निगम रायपुर की टीम ने जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 19 में बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया है।

​कार्रवाई के दौरान स्वीकृत अनुमति के विपरीत (अवैध रूप से) किए गए निर्माणों पर बुलडोजर चलाते हुए 4 भवनों के अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

​3 नोटिस जारी करने के बाद की गई कड़ी कार्रवाई

​नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 19 में जिन भवनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उन्हें बिना स्वीकृति या निर्धारित नक्शे के विपरीत निर्माण करने पर नियमानुसार कुल 3 बार नोटिस जारी कर अंतिम सूचना भी दी गई थी। भवन मालिकों को अपना पक्ष, जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था।

​निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी भवन स्वामियों द्वारा न तो कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही वैध दस्तावेज दिखाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

​शहर में अवैध निर्माण पर निगम सख्त, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

​निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहर के किसी भी जोन या वार्ड में नक्शा पास कराए बिना या तय अनुमति से अधिक अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व नगर निगम से नियमानुसार नक्शा स्वीकृत अवश्य कराएं, अन्यथा ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

​कार्रवाई के दौरान जोन-8 के जोन कमिश्नर, भवन अधिकारी, राजस्व अमला और स्थानीय पुलिस बल मुख्य रूप से मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button