श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी टॉप प्राइवेट स्कूलों में फ्री हॉस्टल और शिक्षा, ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के लिए 3 जुलाई तक करें आवेदन

मोहला |
छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर भविष्य और उत्कृष्ट शिक्षा देने के लिए सरकार ने एक बड़ी पहल शुरू की है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित “अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना” के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस योजना के माध्यम से श्रमिकों के होनहार बच्चों को प्रदेश के प्रतिष्ठित निजी आवासीय स्कूलों (Private Boarding Schools) में बिल्कुल मुफ्त शिक्षा दिलाई जाएगी।
कार्यालय श्रम पदाधिकारी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 जून से स्वीकार किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई, रहना और खाना सब फ्री
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत उन मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा, जिन्होंने वर्तमान में कक्षा 5वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक की पूरी पढ़ाई, रहने के लिए हॉस्टल (आवास) और भोजन की उत्कृष्ट सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
बच्चों की पढ़ाई, हॉस्टल और स्कूल के अन्य सभी निर्धारित शुल्कों का पूरा खर्च छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा सीधे संबंधित प्राइवेट स्कूलों को भुगतान किया जाएगा।
योजना का मुख्य उद्देश्य
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को पैसों की तंगी के बिना गुणवत्तायुक्त शिक्षा (Quality Education) देना है। इसके जरिए गरीब परिवारों के बच्चों को भी विकास के समान अवसर मिलेंगे, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश में अपना नाम रोशन कर सकें और अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
3 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा मौका: श्रम विभाग की अपील
विभाग ने जिले के सभी पात्र श्रमिक माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन जरूर पूरा कर लें। 3 जुलाई 2026 के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
यहाँ करें संपर्क:
आवेदन की विस्तृत प्रक्रिया, पात्रता और अन्य आवश्यक जानकारियों के लिए इच्छुक नागरिक कार्यालय श्रम पदाधिकारी मोहला-मानपुर-अं.चौकी अथवा अपने-अपने विकासखंडों में स्थापित मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केंद्रों में जाकर सीधे संपर्क व मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।